दबंगों ने देशी शराब की दुकान में घुसकर किया चाकू से हमला

जोगिया/सिद्धार्थनगर। जोगिया थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। जोगियादृपकड़ी मार्ग स्थित देशी शराब की दुकान पर आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने दुकान में घुसकर अनुज्ञापी के पुत्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दबंग शराब लेने के बाद पैसे देने को लेकर विवाद करने लगे। कहासुनी के दौरान दबंगों ने अचानक चाकू निकालकर अनुज्ञापी के पुत्र पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चाकू आर-पार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय दबंगों का दुकान में घुसते और हमला करते हुए वीडियो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। पीड़ित ने जोगिया थाने में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




