श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष शिविर, डीएम ने दिए निर्देश

दैनिक बुद्ध का सन्देश
सिद्धार्थनगर, 08 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान के तहत जनपद के सभी विकास खंडों में श्रम विभाग द्वारा विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य श्रमिक पंजीकरण बढ़ाना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है।
इसी क्रम में विकास खंड बर्डपुर के सभागार में आयोजित विशेष शिविर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने प्रतिभाग किया। उन्होंने सहायक श्रम आयुक्त को निर्देशित किया कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उनका श्रमिक पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी ब्लॉकों में इस प्रकार के शिविर लगाकर अधिक से अधिक श्रमिकों को विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले मजदूरों का भी श्रमिक पंजीकरण कराने पर विशेष जोर दिया।सहायक श्रम आयुक्त ओम प्रकाश ने उपस्थित लोगों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं, श्रमिक पंजीकरण प्रक्रिया तथा आवेदन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना का लाभ श्रमिकों को प्रदान किया जाता है।उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रम कार्ड (बीओसीडब्ल्यू) होना आवश्यक है। श्रमिक 90 दिन के निर्माण कार्य का प्रमाण प्रस्तुत कर तथा 40 रुपये अंशदान जमा कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विकास खंड स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे।




