पत्नी को बचाने पहुंची मां की बेटे ने ली जान

दैनिक बुद्ध का सन्देश
सिद्धार्थनगर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के विशुनपुर खुर्द गांव में रविवार रात घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में पत्नी से मारपीट कर रहे युवक ने बीच-बचाव करने पहुंची अपनी मां को जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।मृतका कैलाशी देवी (60) के पति छोट्टन गिरी की तहरीर के अनुसार, उनका सबसे छोटा बेटा सुनील गिरी नशे की हालत में अपनी पत्नी रूपा के साथ मारपीट कर रहा था। शोर सुनकर कैलाशी देवी मौके पर पहुंचीं और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इससे नाराज सुनील ने मां के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें घसीटकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।परिजनों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन करीब एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंची कठेला समय माता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी सुनील गिरी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।ग्रामीणों के अनुसार, सुनील अक्सर शराब के नशे में पत्नी से मारपीट करता था, जिससे परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।




