बहराइच: रिसिया थाने का दरोगा 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

बहराइच, 09 जून। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ थाना रिसिया में तैनात एक उपनिरीक्षक (दरोगा) को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। दरोगा ने एक मुकदमे में धाराएं बढ़ाने और आरोपी को जेल न भेजने के नाम पर इस रकम की मांग की थी।
थाना परिसर में ही बिछाया गया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण संगठन देवीपाटन मण्डल गोंडा की टीम को शिकायतकर्ता राम हुकुम मौर्य (निवासी ग्राम रमुवापुर, थाना रिसिया) ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र चौहान ने छेड़खानी के एक दर्ज मुकदमे में धारा बढ़ाने और जेल न भेजने के एवज में ₹5,000 की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराने के बाद एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। मंगलवार (09 जून) को दोपहर करीब 2:17 बजे, जैसे ही शिकायतकर्ता ने दरोगा सुभाष चन्द्र को उसके निजी सरकारी कमरे (थाना रिसिया कार्यालय) में पैसे दिए, वैसे ही घात लगाए बैठी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
गोरखपुर का रहने वाला है आरोपी दरोगा
रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र चौहान मूल रूप से जनपद गोरखपुर के थाना सहजनवां अंतर्गत ग्राम टेकुआ पाटी (पो0 भीटी रावत) का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे अपने साथ ले गई। आरोपी दरोगा के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी है मुहिम: एंटी करप्शन टीम की अपील
इस कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो डरे नहीं। इसकी शिकायत तुरंत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9454402492 पर दर्ज कराएं, ताकि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।



