मछली मंडी हादसे के बाद पीड़ित परिवार के साथ खड़े हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय

दैनिक बुद्ध का सन्देश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।विकासखंड बढ़नी क्षेत्र के मधवापुर स्थित निर्माणाधीन मछली मंडी में गेट गिरने से हुई मजदूर की मौत के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। रविवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय एवं शोहरतगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी उग्रसेन सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।गौरतलब है कि बीते दिनों मधवापुर मछली मंडी में निर्माणाधीन गेट की ढलाई के दौरान अचानक संरचना भरभराकर गिर गई थी। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य श्रमिक घायल हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और पूर्व प्रत्याशी उग्रसेन सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक गरीब मजदूर की इस प्रकार असमय मृत्यु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि मृतक के आश्रितों को शीघ्र उचित आर्थिक सहायता एवं सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी ठेकेदारों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन्हें रोकने के लिए जवाबदेही तय करना आवश्यक है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, इब्राहिम बाबा, जावेद जमील प्रधान, हरिनाथ यादव, सऊद, महबूब मास्टर, दानिश सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।




