बस्ती विकास प्राधिकरण में प्रबुद्धजनों की बैठक, शहर के विकास और यातायात समस्याओं पर मंथन

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को बस्ती विकास प्राधिकरण में प्रबुद्धजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बस्ती विकास प्राधिकरण के सचिव कीर्ति प्रकाश भारती ने की। इस दौरान नगर विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और नागरिक सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।बैठक को संबोधित करते हुए सचिव कीर्ति प्रकाश भारती ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। विशेष रूप से जिला अस्पताल चौराहा और रोडवेज तिराहा क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले यातायात जाम पर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि जाम की समस्या के कारण आम नागरिकों, मरीजों, छात्रों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके समाधान के लिए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण हटाने और वैकल्पिक मार्ग विकसित करने जैसे सुझाव दिए गए।इसके अलावा नगर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, हरित क्षेत्र के विस्तार, सड़क निर्माण एवं जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।बैठक के समापन के बाद प्राधिकरण कार्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।इस अवसर पर प्रभारी अधिशासी अभियंता हरिओम गुप्ता, अवर अभियंता रोहित पटेल, नगर पालिका परिषद बस्ती के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित कृष्ण देव मिश्र, जगबीर सिंह, राजेन्द्र सिंह श्काकाश्, राजेश चित्रगुप्त, किशोरी लाल, बलराम यादव, पंकज, गोविन्द मिश्र, राम सहाय यादव, अश्वनी शुक्ल, आशीष कुमार, हिमांशु शुक्ल एवं विवेक चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।बैठक का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना रहा। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।




