प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर सीएचसी खेसरहा में विशेष कार्यक्रम आयोजित

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने की।इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी), आवश्यक लैब जांच, स्वास्थ्य परामर्श तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की गईं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच और चिकित्सकीय परामर्श से गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं की समय रहते पहचान कर मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन करने तथा संस्थागत प्रसव कराने के लिए जागरूक किया। साथ ही नवजात शिशु की देखभाल एवं स्तनपान के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम अमरनाथ गुप्ता, ग् तंल टेक्नीशियन गिरजाशंकर तिवारी, फार्मासिस्ट अखिलेश मिश्रा अन्य अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का समापन गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श प्रदान कर किया गया।


