बड़े मंगल पर बाबा लोकेश्वर नाथ मंदिर में सुंदरकांड पाठ व विशाल भंडारे का आयोजन

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगलवार के अवसर पर बेलवालगुनही (बेलौहा) स्थित बाबा लोकेश्वर नाथ मंदिर परिसर में भव्य सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया गया। भजन मंडली ने हनुमान जी और प्रभु श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे मंदिर परिसर में जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।सुंदरकांड पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और श्रद्धालुओं ने इसकी सराहना की।इस अवसर पर बाबा लोकेश्वर नाथ मंदिर समिति का विशेष सहयोग रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने कहा कि बड़े मंगल का पर्व भगवान हनुमान की भक्ति और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, समिति सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।देर शाम तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ।




