गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

निपुण सम्मान समारोह में 533 विद्यालय सम्मानित, शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षा के लिए किया गया प्रेरित

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। लोहिया कला भवन में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित निपुण सम्मान समारोह में जनपद के 533 विद्यालयों को निपुण प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि परिश्रम कभी व्यर्थ नहीं जाता और निरंतर प्रयास से विद्यालयों को निपुण बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से ही गुणात्मक प्रगति संभव है। उन्होंने बच्चों को राष्ट्र का भविष्य बताते हुए कहा कि उन्हें अच्छे संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही सभी शिक्षकों से अपनी योग्यता का पूर्ण उपयोग करते हुए शिक्षा स्तर को बेहतर बनाने का आह्वान किया। सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने शिक्षकों को नामांकन बढ़ाने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि वह स्वयं प्राथमिक विद्यालय से पढ़े हैं और यदि शिक्षक संकल्प लें तो एक स्वस्थ और शिक्षित समाज का निर्माण संभव है। सदर विधायक श्यामधनी राही ने भी शिक्षकों को मजबूत राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया और बच्चों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान अंशुमन सिंह ने निपुण विद्यालय बनने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला, जबकि अपूर्व श्रीवास्तव ने प्री-प्राइमरी और कक्षा एक के नवप्रवेशी बच्चों को विद्यालय के प्रति सहज बनाने में शिक्षकों की भूमिका स्पष्ट की। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी रामु प्रसाद, महेंद्र प्रसाद, नीरज सिंह, धर्मेंद्र पाल, ओपी मिश्रा सहित जिला समन्वयक सुरेंद्र श्रीवास्तव, अमित पांडेय, अमित शुक्ला, करुणापति त्रिपाठी, आशीष कुमार सिंह, कार्तिकेय पांडे तथा अन्य शिक्षक एवं एआरपी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!