नायब तहसीलदार की गाड़ी से टकराई कार, हादसे में बुजुर्ग की मौत

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के इटवा-बांसी मार्ग स्थित बरगदवा मोड़ पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि नायब तहसीलदार की गाड़ी सहित कई वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए। हादसे में नायब तहसीलदार बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार वृंदेश गुप्ता तहसील क्षेत्र के गांवों का दौरा कर इटवा तहसील मुख्यालय लौट रहे थे। बरगदवा मोड़ के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी और अन्य वाहनों से भी टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के दौरान एक बाइक सवार भी वाहनों के बीच फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुनियांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




