शिक्षकों के सम्मान पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं, खेद व्यक्त करें संबंधित एंकररू शिक्षक संघ

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ, सिद्धार्थनगर ने एक समाचार चौनल की एंकर अंजना ओम कश्यप द्वारा शिक्षकों के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। संघ ने कहा कि इस टिप्पणी से शिक्षक समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। संघ की जिला महामंत्री कंचन लता ने जारी बयान में कहा कि शिक्षक केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। देश के डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, न्यायाधीश, प्रशासक और राजनेता सभी किसी न किसी शिक्षक के मार्गदर्शन से ही आगे बढ़ते हैं। ऐसे में शिक्षकों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी पूरे समाज के बौद्धिक और नैतिक आधार का अपमान है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण अधिकार है, लेकिन इसके साथ मर्यादा और जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। सार्वजनिक मंचों पर बैठे लोगों को अपने शब्दों का चयन संयम और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। शिक्षक संघ ने मांग की है कि संबंधित एंकर अपनी टिप्पणी पर खेद व्यक्त करें और भविष्य में इस प्रकार की अमर्यादित भाषा के प्रयोग से बचें। संघ ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो शिक्षक समुदाय लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने तथा संबंधित चौनल एवं व्यक्तियों के बहिष्कार पर विचार करेगा। संघ ने कहा कि शिक्षक का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह शिक्षकों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार और भाषा का प्रयोग करे।



