मदरसा में नौकरी दिलाने के नाम पर 17 लाख की ठगी, प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के धनौरा मुस्तहकम गांव निवासी एक युवक से मदरसे में सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर 17 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मदरसा प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित गुलाम भंडारीदीन पुत्र मोहम्मद कबीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इटवा थाना क्षेत्र के भदोखर निवासी मोहम्मद नसीम खान गयासुद्दीन, जो मदरसा अरबिया इस्लामिया मेराजुल उलूम भदोखर बाजार के प्रबंधक हैं, ने उन्हें मदरसे में सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति दिलाने का आश्वासन दिया था। बेरोजगारी से परेशान पीड़ित ने प्रबंधक के झांसे में आकर उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड से शिक्षा ग्रहण करने के बाद नौकरी पाने की उम्मीद में 17 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि प्रबंधक ने पहले आवेदन कराने के बाद एक लिफाफे में मदरसे का लेटर पैड देकर नियुक्ति संबंधी कागजात तैयार कराए। इसके बाद विभिन्न किश्तों में 17 लाख रुपये नकद, चेक और ऑनलाइन माध्यम से लिए गए। पीड़ित का कहना है कि पैसे लेने के बाद उसे साक्षात्कार के लिए बुलाया गया, जहां प्रबंधक और उसके सहयोगियों ने औपचारिक साक्षात्कार कराकर एक बंद लिफाफे में नियुक्ति पत्र थमा दिया और 15 दिन बाद कार्यभार ग्रहण करने को कहा। पीड़ित के अनुसार जब वह निर्धारित समय बाद मदरसे पहुंचा तो उसे बताया गया कि नियुक्ति पत्र फर्जी है और सहायक अध्यापक पद पर पहले से ही नियुक्ति हो चुकी है। इस पर उसने प्रबंधक से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि बाद में प्रबंधक ने पैसे लौटाने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए शोहरतगढ़ पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मोहम्मद नसीम खान गयासुद्दीन, अयाज खान पुत्र मोहम्मद खान तथा फेज खान पुत्र मोहम्मद खान के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




