ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

दैनिक बुद्ध का संदेश
इटवा/सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के मड़वा तिराहा पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास थी। मिली जानकारी के अनुसार, इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे इटवा की ओर आ रहे एक ट्रक की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक ने खुद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक आसपास के क्षेत्र में घूमता रहता था, जिससे उसकी पहचान में दिक्कत हो रही है। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।




