सिद्धार्थनगर में आकाशीय बिजली गिरने से अधेड़ की मौत, शादी में जाते समय हुआ हादसा

दैनिक बुद्ध का संदेश
बांसी/सिद्धार्थनगर। जिले के बांसी तहसील क्षेत्र में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चांदेगडिया गांव की है, जहां मृतक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, चांदेगडिया गांव निवासी बेचन (42) पुत्र रामदास सोमवार को अपने घर से गांव के बाहर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। गांव से करीब 100 मीटर दूर एक पुलिया के पास अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से बेचन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिश्रौलिया थाना प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर संबंधित लेखपाल भी पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक बेचन अपने पीछे चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



