गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबहराइचराज्य

“बिहार पीसीएस में चमका पयागपुर, शुभम बने आरडीओ, अखिलेश ने भी हासिल की सफलता”

पयागपुर/खुटेहना (बहराइच)। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के घोषित अंतिम परिणाम में तहसील पयागपुर के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने सफलता हासिल कर क्षेत्र एवं जनपद का गौरव बढ़ाया है। मधनगरा निवासी शुभम का चयन ग्रामीण विकास पदाधिकारी (आरडीओ) पद पर हुआ है, जबकि बनकटा गांव के अखिलेश कुमार शुक्ला ने भी बिहार पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। दोनों युवाओं की उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
मधनगरा (खुटेहना चौराहा) निवासी शुभम ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर एक और बड़ी सफलता अर्जित की है। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा के माध्यम से चयनित होकर संभल जनपद में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। अब उनका चयन बिहार ग्रामीण विकास सेवा संवर्ग के अंतर्गत ग्रामीण विकास पदाधिकारी (आरडीओ) पद पर हुआ है।
शुभम की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय रही हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में स्नातक, वर्ष 2020 में स्नातकोत्तर एवं एमफिल की उपाधि प्राप्त की। वर्तमान में वह पीएचडी का शोध कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्वर्गीय दादा दूबर सिंह, स्वर्गीय पिता दिनेश प्रताप सिंह की प्रेरणा, माता सरिता सिंह के संघर्ष तथा परिवार के सहयोग को दिया है।
वहीं ग्राम बनकटा निवासी अनिल कुमार शुक्ला के पुत्र अखिलेश कुमार शुक्ला ने भी बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। चयन की सूचना मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
ग्रामीणों का कहना है कि साधारण परिवेश से निकलकर दोनों युवाओं ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मंजिल को प्राप्त किया जा सकता है।

ब्यूरो दैनिक बुद्ध का सन्देश

ब्यूरो चीफ बहराइच दैनिक बुद्ध का संदेश समाचार पत्र

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!