फांसी लगाने वाले युवक को पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बचाई जान

दैनिक बुद्ध का संदेश
चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र चिल्हियां के सेमरा टोले में पत्नी के मायके चले जाने पर मां को डराने के लिए आत्महत्या करने का नाटक करना मुम्बई से लौटे 32 वर्षीय विजय कुमार को भारी पड़ गया। फांसी से लटकने के बाद कुर्सी फिसल जाने से उसकी जान पर बन आयीं। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदा काटकर नीचे उतारा। चिल्हियां थाना क्षेत्र के पल्टादेवी चौकी के तहत बजहा ग्राम पंचायत के सेमरा टोले में हुए इस मामले की गांव में चर्चा हो रही है। वहीं क्षेत्रीय लोग पुलिस की सराहना कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चिल्हियां थाना क्षेत्र के पल्टादेवी चौकी के तहत बजहा ग्राम पंचायत के सेमरा टोले के रहने वाले विजय कुमार आठ फरवरी को मुंबई से घर लौटा था। उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। घर आने पर पत्नी के मायके जाने की बात सुनकर वह नशे की हालत में बवाल करने लगा। घर में मौजूद उसकी मां ने नाराज होकर उसे खाना नहीं दिया। इसके बाद मां को डराने के लिए उसने आत्महत्या का नाटक किया और कमरे का दरवाजा बन्द कर कुंडी में साड़ी से फंदा बनाकर लटकने का नाटक किया। परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो पल्टादेवी चौकी के चौकी प्रभारी को फोन पर सूचना दी। चौकी प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि जब वह पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे तो दीवार के झरोखे से उसे लटके हुए देखा तो उसे मरा हुआ जानकर फॉरेंसिक यूनिट को भी फोन कर दिया। अभी फॉरेंसिक यूनिट नहीं पहुंची थी कि इस बीच विजय कुमार के पैरों के नीचे लगी कुर्सी छिटक गई और वह साड़ी के फंदे से लटक गया। गले पर जोर पड़ने से वह चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर तुरन्त अही पुलिसकर्मियों के साथ दरवाजा तोड़ा गया और गले में लगे फंदे को काटकर उसकी जान बचाई गई।




