दुष्कर्म के आरोप वाला वायरल वीडियो निकला मनगढ़ंत, पुलिस ने तीन युवकों को किया गिरफ्तार

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र से जुड़ा एक महिला का वायरल वीडियो, जिसमें दो युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था, जांच में मनगढ़ंत पाया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद सच्चाई सामने लाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला दो युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रही थी। हालांकि, पुलिस की जांच में यह वीडियो पूरी तरह से झूठा और गढ़ा हुआ पाया गया। पुलिस के मुताबिक, केवड़िया गांव निवासी महिला पिछले तीन महीनों से कठेला समय माता थाना क्षेत्र के एक गांव में किराए के कमरे में रह रही थी। घरेलू विवाद के चलते वह अपने पति से अलग रह रही थी। पहले वह ऑर्केस्ट्रा पार्टी में कार्य करती थी, लेकिन बाद में उसने मसाज और ब्यूटी पार्लर का काम शुरू कर दिया। जांच में सामने आया कि महिला ने आपसी रंजिश के चलते अपने साथी के साथ मिलकर यह फर्जी वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में उसने पुलिस और यूपीसीएम से शिकायत करने की बात भी कही थी, जबकि वास्तव में ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। कठेला समय माता थाना प्रभारी विजयकुमार अरुण ने बताया कि मामले की जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि आरोप निराधार हैं। महिला की तहरीर के आधार पर 25 अप्रैल को तीन युवकों के खिलाफ धारा 170, 126 और 135 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो की सत्यता की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास न करें।




