सिद्धार्थनगर में अचानक बदला मौसम, दिन में छाया अंधेरा; मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों को राहत

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जनपद में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह तक सामान्य रहे मौसम के बाद दोपहर करीब 12ः15 बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और दिन में ही रात जैसा अंधेरा हो गया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जो देर तक जारी रही।बारिश की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सड़कों पर पानी भर गया और वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलानी पड़ी। तेज गर्जना और लगातार बिजली चमकने से लोगों में दहशत का माहौल रहा। कई इलाकों में लोग घरों और दुकानों में ही सुरक्षित रहने को मजबूर हो गए, जिससे बाजारों में अचानक सन्नाटा पसर गया और जनजीवन प्रभावित हुआ।मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। तापमान गिरकर लगभग 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस की जा रही है।यह बारिश खेती-किसानी के लिहाज से भी फायदेमंद मानी जा रही है। जिले में गेहूं की फसल कट चुकी है और अधिकांश खेत खाली हैं। ऐसे में यह वर्षा खेतों में नमी बनाए रखने में सहायक होगी, जिससे अगली फसल की तैयारी आसान होगी। किसानों को सिंचाई के लिए पंप सेट पर निर्भरता भी कम करनी पड़ेगी, जिससे लागत में कमी आएगी।कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और भूमि को नई फसल के लिए तैयार करने में मददगार साबित होगी। हालांकि, लगातार तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली है।




