बहराइच: नवागत मुख्य विकास अधिकारी ने संभाला कार्यभार, टीम वर्क पर दिया जोर
बहराइच। जनपद में 2023 बैच के आईएएस अधिकारी एवं नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी सुनील धनवंता ने शुक्रवार, 23 अप्रैल 2026 को अपरान्ह 04:00 बजे विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद विकास भवन सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान सुनील धनवंता ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कार्यालय में संबंध “अधिकारी और अधीनस्थ” का नहीं, बल्कि “टीम” का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि “कोई भी बड़ा लक्ष्य अकेले हासिल नहीं किया जा सकता, टीम भावना से काम करने वाले ही हमेशा सफल होते हैं।”
उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने-अपने कार्य का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। उनका कहना था कि “मैं अकेला कुछ नहीं कर सकता, लेकिन अगर हर व्यक्ति अपना छोटा-सा हिस्सा ठीक से निभा दे, तो परिणाम बेहतरीन होंगे।”
सीडीओ ने अपने कार्यकाल के लिए मूल मंत्र भी दिया—
👉 “DO YOUR OWN WORK – अपना काम खुद करो”
उन्होंने कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ से बचने की सलाह देते हुए विशेषकर खंड विकास अधिकारियों (BDO) को निर्देशित किया कि कार्य प्रणाली को सुव्यवस्थित रखें, ताकि काम में तेजी और पारदर्शिता बनी रहे।
स्वच्छता और कार्यशैली पर जोर देते हुए श्री धनवंता ने कहा कि किसी अधिकारी की गंभीरता और कार्य के प्रति सजगता उसकी फाइलों और कार्यालय की व्यवस्था से झलकती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने कार्यालयों को साफ-सुथरा रखें तथा फाइलों को क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित करें।
पूर्व मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यालय एवं सभागार की बेहतर व्यवस्था एक सकारात्मक प्रभाव छोड़ती है और इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही, सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनसमस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।





