पयागपुर के हसुवापारा में सरकारी जमीन पर हुआ कब्जा, रास्ता बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश

बहराइच (पयागपुर)।
पयागपुर क्षेत्र के हसुवापारा गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण का मामला सामने आने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, गाटा संख्या 1012, 1013 व 1015 की सरकारी भूमि पर गांव के ही एक व्यक्ति रिखीराम शुक्ल पुत्र परमहंस शुक्ल द्वारा मकान निर्माण कार्य और नवीन परती की सरकारी भूमि पर दीवार खड़ी कर कब्जा कर लिया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रिखीराम शुक्ल पुत्र परमहंस शुक्ल द्वारा उक्त भूमि पर दबंगई के बल पर न केवल कब्जा किया गया है, बल्कि वहां मकान निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। इस कब्जे के कारण वर्षों से चला आ रहा आम रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी रास्ते से गांव के लोग अपने खेतों और घरों तक आवागमन करते थे, लेकिन अब रास्ता बंद हो जाने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार आपत्ति जताते हुए आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि संबंधित व्यक्ति प्रशासनिक आदेशों और नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहा है। स्थिति को लेकर गांव के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जा हटाकर आम रास्ता तत्काल बहाल कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।




