पयागपुर में ईद-उल-फितर शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न, लोगों ने दी एक-दूसरे को मुबारकबाद

पयागपुर (बहराइच)। थाना पयागपुर क्षेत्र में आज ईद-उल-फितर के अवसर पर पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ नमाज अदा की गई। क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने अल्लाह की इबादत कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज अदा करने के बाद ईदगाहों में लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस बार एक खास बात यह रही कि रमजान के महीने में दो बार अलविदा की नमाज अदा की गई, जिसे दुर्लभ संयोग माना जा रहा है।
ईद के पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ ईद का त्योहार मनाया, जिससे क्षेत्र में आपसी भाईचारा और एकता की मिसाल देखने को मिली।




