नेपाल यातायात विभाग की कार्रवाई के विरोध में ट्रक चालकों का प्रदर्शन, सोनौली बॉर्डर पर लगा लंबा जाम

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनौली/महराजगंज। नौतनवा-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को भारतीय मालवाहक ट्रक चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। नेपाल के भैरहवा स्थित यातायात विभाग पर कथित मनमानी और अवैध जुर्माना वसूली का आरोप लगाते हुए ट्रक चालकों ने सोनौली बाईपास पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व नौतनवा ट्रक ऑपरेटर कल्याण समिति के अध्यक्ष पप्पू खान ने किया। प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों का आरोप है कि नेपाल यातायात विभाग भारत से नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों के आरसी लोडिंग मानकों को मान्यता नहीं दे रहा है। अंडरलोड ट्रकों को भी ओवरलोड बताकर प्रति ट्रक करीब 10 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूला जा रहा है। चालकों ने बताया कि जुर्माने की राशि ऑनलाइन जमा करने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तकनीकी दिक्कतों और देरी के कारण कई बार भंसार (कस्टम प्रक्रिया) फेल हो जाती है, जिसके बाद अतिरिक्त जुर्माना देना पड़ता है। नेपाल यातायात विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारतीय ट्रक चालकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। चालकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष पप्पू खान ने कहा कि फिलहाल यह सांकेतिक प्रदर्शन है, लेकिन समस्या का समाधान न होने पर चक्का जाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी महाराजगंज का ध्यान भी आकृष्ट कराया है। प्रदर्शन के चलते सोनौली बॉर्डर से नौतनवा तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों मालवाहक ट्रक फंस गए। जाम के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।




