पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, जिले के कई पेट्रोल पंप ड्राई

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर।पेट्रोल-डीजल का संकट लगातार गहराता जा रहा है। डिपो से समय पर आपूर्ति नहीं होने के कारण जिले के कई पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शादी-विवाह के सीजन में स्थिति और भी गंभीर हो गई है।शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पेट्रोल और डीजल के लिए मारामारी मची हुई है। कई पंपों पर कई दिनों से तेल के टैंकर नहीं पहुंचे हैं, जिसके चलते लोग निराश होकर लौटने को मजबूर हैं। बुधवार को जिले के करीब 35 पेट्रोल पंप ड्राई बताए गए।डुमरियागंज क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालक जेपी मिश्र ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उनके पंप पर तेल नहीं आया है, जिससे पंप बंद पड़ा हुआ है। वहीं शहर के सनई स्थित पंप संचालक गोविंद माधव ने कहा कि नियमित सप्लाई नहीं होने से संकट लगातार बना हुआ है। उन्होंने बताया कि जैसे ही तेल पहुंचेगा, पंपों पर लंबी कतारें लग जाएंगी।इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डिपो से अल्टरनेट टैंकर भेजे जा रहे हैं, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कंपनियों से लगातार संपर्क कर सप्लाई व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।




