चौधरी बृजेश पटेल ने अभद्र टिप्पणी मामले में की कार्रवाई की मांग, आरोपी पर दर्ज हुआ मुकदमा

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। सोशल मीडिया पर वर्तमान सांसद राम प्रसाद चौधरी और विधायक कविंद्र चौधरी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में चौधरी बृजेश पटेल ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा। बताया जा रहा है कि रोशन यादव नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सांसद राम प्रसाद चौधरी और विधायक कविंद्र चौधरी के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां की गई थीं। मामले की जानकारी होने पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।चौधरी बृजेश पटेल ने अपने पत्र में कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर जनप्रतिनिधियों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके। कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रोशन यादव के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। चौधरी बृजेश पटेल और विनय चौधरी ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि आरोपी पर जल्द से जल्द उचित और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पत्र देने के दौरान चौधरी बृजेश पटेल के साथ सरदार सेना के जिला अध्यक्ष विनय चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कहा कि समाज में सौहार्द बिगाड़ने और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ प्रशासन को सख्त रुख अपनाना चाहिए।




