खेत में काम कर रहे किसान को मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

बहराइच। बौण्डी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। थाना क्षेत्र के विसम्भरपुर गांव में खेत पर काम कर रहे किसान हबीबुर रहमान की मिट्टी लदी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हबीबुर रहमान अपने खेत में कार्य कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक उनकी ओर बढ़ गई। इससे पहले कि वह खुद को बचा पाते, ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की बौण्डी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।




