पयागपुर (बहराइच)। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर थाना पयागपुर में नए थाना प्रभारी की तैनाती की गई है। थाना फखरपुर के कुणासर चौकी प्रभारी रहे तेजतर्रार पुलिस अधिकारी दीपक सिंह ने बृहस्पतिवार को पयागपुर थाने का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
पदभार संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए थाना प्रभारी दीपक सिंह ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अपराध करने वाले अराजक तत्वों की अब खैर नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
नवागत थाना प्रभारी ने अपने अधीनस्थ पुलिस कर्मियों को क्षेत्र में लगातार गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और बिना किसी देरी के न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
दीपक सिंह ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय या संकोच के सीधे थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार के बिचौलियों की आवश्यकता नहीं है और हर पीड़ित को निष्पक्ष व त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी।
स्थानीय लोगों में नए थाना प्रभारी की तैनाती को लेकर उम्मीद जगी है कि पूर्व में हुई घटनाओं का भी जल्द खुलासा होगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।





