जलाभिषेक के लिए लगी भक्तों की लम्बी कतार

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। पवित्र सावन माह के पहले दिन शुक्रवार को सुबह से शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हर-हर महादेव का जयघोष कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। बाबा को प्रसन्न करने के लिए फल फूल मेवा बेलपत्र, भांग धतूरा चंदन आदि अर्पित किया। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के भारत माता चौक, डोई शिव मंदिर, श्रीराम जानकी व गंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने साफ-सफाई करने के बाद फूलों से बाबा का दरबार सजाया। श्रद्धालुओं ने सुख समृद्धि व मनोकामना के लिए परिसर में बैठकर शिव मंत्र का जप किया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने सभासद संग नगर पंचायत के सभी मंदिरों के आसपास हो रहे साफ सफाई का निरीक्षण किया और लोगों से अपील करते हुए कहा कि मंदिर के आसपास कूड़ा करकट व गन्दगी न फैलाएं। इस दौरान सभासद राजकुमार मोदनवाल, बब्लू गौड़, वकील खान, शिवरतन कन्नौजिया, मनोज चौधरी, दिनेश कुमार अन्य उपस्थित रहे।




