चिड़ियाघर का परिषदीय विद्यालयों के 100 बच्चों ने किया भ्रमण

दैनिक बुद्ध का संदेश
उस्का बाजार।राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत उस्का बाज़ार विकास खंड के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 100 बच्चों ने रविवार को शहीद अशफाक उल्लाह खान प्राणि उद्यान का शैक्षिक भ्रमण किया। यह भ्रमण बीईओ ओमप्रकाश मिश्रा की देखरेख में संपन्न हुआ। बीआरसी परिसर से बीईओ ने हरी झंडी दिखाकर दो बस को रवाना किया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने प्राणि उद्यान में विभिन्न वन्य जीवों को नजदीक से देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके बाद बच्चों ने नौका विहार का भी आनंद लिया। बीईओ स्वयं पूरे समय बच्चों के साथ रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। उन्होंने बताया कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण से बच्चों का बौद्धिक विकास होता है और उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी भी मिलती है। भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने भी बच्चों को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। बच्चों के लिए स्टेशनरी, भोजन आदि की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान अभय श्रीवास्तव, हरिशंकर सिंह, रामसेवक गुप्ता,किरन यादव, सुनैना गौड़, बालजीत कुमार, शैलेंद्र राय,अशोक यादव, संतोष सिंह, प्रेमसागर आदि उपस्थित रहे।




