प्रेम विवाह की मांग पर युवती का आत्मघाती कदम, मोबाइल टावर पर चढ़ने से मचा हड़कंप

दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज/निचलौल। महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवती द्वारा प्रेम विवाह की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लगभग तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस और परिजन उसे समझाने में जुटे रहे। अंततः प्रेमी के मौके पर पहुंचने और विवाह का आश्वासन देने के बाद युवती सकुशल नीचे उतरी। जानकारी के अनुसार युवती का पड़ोसी गांव के एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे, किंतु युवक के परिजनों ने उसकी शादी अन्यत्र तय कर दी। इस बात की जानकारी मिलते ही युवती आहत हो गई और शुक्रवार तड़के करीब चार बजे घर से निकल गई। परिजनों ने बताया कि वह सहरी बनाकर घर से निकली थी। सुबह लगभग सात बजे ग्रामीणों ने उसे गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ा देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीआरबी 6326 तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों और परिजनों ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, परंतु युवती अपनी मांग पर अड़ी रही। इसी बीच पता चला कि युवक नेपाल गया हुआ है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उससे संपर्क स्थापित किया और तत्काल बुलवाया। युवक के पहुंचने तथा विवाह का भरोसा देने के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। घंटों चले इस तनावपूर्ण घटनाक्रम के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। युवती को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।




