संघ शिक्षा वर्ग का आज होगा भव्य समापन, मुख्य अतिथि होंगे अरुण जैन

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गोरक्ष प्रांत अंतर्गत सिद्धार्थनगर विभाग द्वारा आयोजित 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) एवं घोष वर्ग का भव्य समापन समारोह शुक्रवार सायं 6 बजे रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरुण जैन होंगे। वे स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए अपना पाथेय प्रदान करेंगे। पंद्रह दिनों से चल रहे इस प्रशिक्षण वर्ग में स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर स्वयंसेवक समता, नियुद्ध, शारीरिक विन्यास तथा घोष (बैंड) के विविध कौशलों का सामूहिक प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में गोरक्ष प्रांत के विभिन्न जिलों से स्वयंसेवकों एवं संघ के आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की संभावना है। विभाग चालक रामचंद्र चौधरी एवं सर्वाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, राष्ट्रप्रेमियों एवं आमजन से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजकों ने सभी आगंतुकों से कार्यक्रम प्रारंभ होने से 15 मिनट पूर्व अपने स्थान ग्रहण करने का अनुरोध किया है।



