एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़े राजस्व निरीक्षक, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। एंटी करप्शन टीम ने बस्ती जिले के मुंडेरवा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक अशोकलाल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुंडेरवा थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के किसान आसमान सिंह ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उनके पिता के निधन के बाद जमीन के नामांतरण के लिए राजस्व निरीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया। जैसे ही राजस्व निरीक्षक ने 10 हजार रुपये लिए, पहले से तैनात एंटी करप्शन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी देवेंद्र अशोकपाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




