पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा 08 से 10 जून 2026 तक दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा को सकुशल और पारदर्शी ढंग से आयोजित कराने के लिए जनपद में 11 शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। भर्ती परीक्षा को शासन की मंशानुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी अमित कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह के साथ परीक्षा केंद्र राजकीय पॉलिटेक्निक, आसाम चौराहा भिनगा रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश-निकास व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद प्रधानाचार्य अरुण कुमार को परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।




