दाण्डी मार्च स्मृति दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाली पदयात्रा
छह सूत्री मांगों के लिए राज्यपाल के नाम से जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बहराइच। दाण्डी मार्च स्मृति दिवस पर आज रेलवे स्टेशन परिसर बहराइच से कुष्ठ सेवा आश्रम (पुअर हाउस) गुल्लाबीर रोड सलारगंज बहराइच तक पदयात्रा निकाल कर कांग्रेस जनों ने दाण्डी मार्च पदयात्रा दिवस की 96 वीं वर्षगांठ मनाई। इस दौरान कुष्ठ सेवा आश्रम में झाड़ू लगाकर साफ सफाई करके श्रमदान किया तथा उक्त आश्रम में स्थापित पूज्य गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके सामूहिक रूप से शैल्यूट देकर देश व समाज के निर्बल, असहाय निराश्रितों तथा पीड़ित शोषित जनों की समस्याओं के निदान के लिए और जनसेवा हेतु लामबंद होने का संकल्प लिया। इस दौरान राजीव गाँधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारियों के समर्थन में दाण्डी यात्री इन्द्र कुमार यादव ने पंचायत सहायकों का मानदेय बढाने तथा उन्हें स्थाई करने की आवाज बुलंद की। कांग्रेस नेता विनय सिंह ने कहा कि आज ही के दिन महात्मा गाँधी जी ने साबरमती आश्रम से समुद्र तट दाण्डी तक अपने 78 भरोसेमंद अनुयाइयों के साथ 387 किमी की पद यात्रा नमक सत्याग्रह के तहत करके अंग्रेजी हुकूमत की नींद हराम कर दी थी। उन्होंने विगत दिनों हुए सीतापुर जिले में हुई निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की निर्मम हत्या की सी बी सी आई डी जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने तथा मृतक पत्रकार के परिवार को 2 करोड़ का मुआवजा देने की पुरजोर तरीके से मांग की। इसके अलावा उन्होंने कुष्ठ सेवा आश्रम में शरण लिए कुष्ठ रोगियों को आवास, आर्थिक अनुदान तथा आश्रम परिसर में साफ सफाई आदि पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया। उक्त दौरान 6 सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी बहराइच के माध्यम से महामहिम राज्यपाल लखनऊ को मांगपत्र भेजा गया। कार्यक्रम का संचालन कुष्ठ रोगियों के प्रधान धनीराम श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदेमातरम् से तथा समापन राष्ट्र गान जनगणमन से किया गया। इस अवसर पर रवींद्र स्वरूप रामदीन गौतम मोहम्द इशारत खान विष्णु याऐ डाक्टर सद्दाम अहमद किशोरी लाल अधधेश कुमार मनोज कुमार पानमती गुड्डू मोहम्द रजा जाहिदा खातुन आसमा अहमद रजा, सहित कई लोग शामिल रहे।