मारपीट व हत्या की घटना के नवें दिन अहिरौला गांव पहुंचे एसपी विकास कुमार

दैनिक बुद्ध का संदेश
उतरौला/बलरामपुर। कोतवाली क्षेत्र के अहिरौला में हुए विवाद में ग्रामीण धनराज मौर्य की हत्या के बाद गुरुवार को एसपी विकास कुमार ने पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। एसपी ने परिजनों को बताया कि घटना के बाद पुलिस ने लगातार अनेक कार्रवाई की है। सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गांव में लगातार चौकसी बरती जा रही है। एक आरोपी के कब्जे से अतिक्रमण की गई जमीन पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का काम प्रगति पर है। प्रशासन द्वारा परिजनों की मांग पर कोई कार्यवाही न होने के प्रश्न पर एसपी ने कहा कि जिन मांगों का ज्ञापन परिवार के लोगों ने दिया था उस पर विचार चल रहा है। जल्द ही जिलाधिकारी द्वारा उस पर निर्णय लिया जाएगा। ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा विशेष परिस्थितियों में पुलिस की मदद लेने की सलाह देते हुए एसपी ने कहा कि गांव में कोई भी अवांछनीय या संदिग्ध गतिविधि होने पर मौके पर तैनात पुलिस बल को तत्काल सूचना दें ताकि समय पर उचित कदम उठाए जा सकें। एसपी ने गांव में तैनात पुलिस बल को ब्रीफिंग कर निर्देश दिया कि वे लगातार आरोपी के घर तथा घटनास्थल का सम्यक निरीक्षण करते रहें। कोई भी बाहरी तत्व असमय आकर गांव की सौहार्द को खराब न करने पाए। उन्होंने आरोपी के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन का निरीक्षण कर आदेश दिया कि फिलहाल अस्थायी रूप से गांव की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल के लिए यहां आश्रय स्थल बनाया जाए ताकि बारिश व धूप मे आरक्षी व उपनिरीक्षक सुरक्षित रह सकें। इस दौरान एसडीएम मनोज कुमार, सीओ राघवेंद्र सिंह, गैंड़ास बुजुर्ग थानाध्यक्ष राजीव मिश्र समेत राजस्व कर्मी व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।




