मनरेगा बचाव संग्राम के तहत कलेक्ट्रेट में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। मनरेगा बचाव संग्राम के तहत शुक्रवार को मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस पार्टी द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने की। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना में किए जा रहे बदलावों का कड़ा विरोध किया गया। जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना का नाम बदलने के साथ-साथ उसमें निहित गारंटी रोजगार जैसे कानूनी अधिकार को श्रमिकों से छीनने का प्रयास कर रही है। यह योजना ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्ग के लिए जीवनरेखा है, जिसे कमजोर करना सीधे-सीधे गरीब विरोधी नीति को दर्शाता है। क अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं बल्कि ग्रामीण जनता के लिए रोजगार का अधिकार है। सरकार द्वारा नियमों में बदलाव कर श्रमिकों के अधिकारों को सीमित किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पूर्व प्रत्याशी उमाशंकर तिवारी ने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ पलायन रोकने का काम किया है। केंद्र सरकार जानबूझकर इस कानून को कमजोर कर रही है, जिससे मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी नहीं मिल पा रही है। पंकज गुप्ता ने कहा कि मनरेगा कानून में की जा रही छेड़छाड़ से करोड़ों श्रमिकों का भविष्य खतरे में है। कांग्रेस पार्टी श्रमिकों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राम बहादुर दुबे, डॉ. खलीलुल्लाह, विजय कुमार उपाध्याय, भीष्म सिंह, प्रदीप कुमार शर्मा, सुशील कुमार शुक्ला, विश्वनाथ यादव, प्रतीक मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, लाल साहब श्रीवास्तव, दिलशाद हुसैन खान, मोहम्मद आसिफ खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं श्रमिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई तथा मनरेगा को पूर्ववत प्रभावी रूप से लागू करने और श्रमिकों को उनका अधिकार दिलाने की मांग की गई।




