गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसंत कबीरनगर

एडीएम की अध्यक्षता में जनपद में विद्यालयों के परिवहन/वाहन से संबंधित समीक्षा बैठक हुई आयोजित

दैनिक बुद्ध का संदेश
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपद के विद्यालयों में चलने वाले स्कूली वाहनों व विद्यालयों में परिवहन व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में एआरटीओ प्रियंवदा सिंह द्वारा जनपद के समस्त विद्यालयों में चलने वाले वाहनों की परमिट, फिटनेस आदि की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया। उन्होंने विद्यालयों के प्रबंधकों को अवगत कराया कि यदि विद्यालय का कोई वाहन बेच दिया गया है अथवा निष्प्रयोज्य है तो उस गाड़ी की परमिट कैंसिल करने हेतु परिवहन विभाग में इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दे दें, जिससे उन्हें सूची से हटाया जा सके। इस पर एडीएम द्वारा उक्त का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु समस्त विद्यालयों को निर्देशित किया गया। बैठक में समस्त विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि अपने स्कूली वाहनों को सड़क के किनारे न खड़ा करें, विद्यालय के आसपास उचित पार्किंग व्यवस्था बनाकर ही उसमें गाड़ी को खड़ा करें जिससे रास्तों में आवागमन की दिक्कत न हो। समस्त विद्यालय अपने स्कूली वाहनों पर नियुक्त चालक व परिचालक को निर्धारित कलर की वर्दी (लाइट ग्रे कलर की) अवश्य उपलब्ध करा दें, जिससे चालक/परिचालक की आसानी से पहचान हो सके। यह भी निर्देशित किया गया कि समस्त विद्यालय अपने वाहन चालकों का लाइसेंस और चरित्र सत्यापन कराते हुए उसकी रिपोर्ट से परिवहन विभाग को अवगत करा दें। किसी भी विद्यालय में कोई भी वाहन बिना फिटनेस के न संचालित हो, इसे सुनिश्चित किया जाए। एडीएम द्वारा परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया की जनपद के समस्त स्कूली वाहनों का शत प्रतिशत सत्यापन किया जाय, वाहनों की परमिट एवं फिटनेस की जांच एक निश्चित समय अंतराल पर की जाती रहे और समस्त अनफिट वाहनों का चालान कर बंद कराया जाए। उन्होंने कहा कि इसको गंभीरता से लिया जाए, किसी भी विद्यालय में एक भी अनफिट वाहन नहीं चलने चाहिए। उन्होंने कहां कि 15 वर्ष से पुराने वाहनों का चिन्हीकरण करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए। इस अवसर पर एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, टीएसआई परमहंस सहित विद्यालयों के प्रबंधक आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!