धनगड़ा से हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा

1501 कन्याए, महिला, बुजुर्ग, युवा, नौजवानों ने बढ़ाया आयोजन का मान
दैनिक बुद्ध का संदेश
परतावल/महराजगंज।नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 05/13 धनगड़ा में रविवार को आयोजित श्री श्री विष्णु महायज्ञ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथी, घोड़े, ढोल नगाड़ों और डीजे की धुनों के बीच निकली यात्रा में 1501 कन्याएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं, जबकि युवा श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए। वैदिक विद्वानों द्वारा शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच कलशों में विधिविधान से जल भरवाया गया। यज्ञाचार्य, सपरिवार यजमान, आयोजन समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। मुख्य यज्ञाचार्य पंडित अंशुमान शुक्ल तथा सहयोगी आचार्य पंडित सदानंद मिश्र के मंत्रोच्चार के उपरांत मंदिर परिसर से कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। गजराज की अगुआई में घोड़े, ढोल-नगाड़े और डीजे के साथ निकली यह विशाल शोभा यात्रा धनगड़ा गांव से होते हुए देवीपुर, परसा बुजुर्ग काली मंदिर, नौरंगा टोला, परतावल बाजार, कस्बा शिव मंदिर पोखरे में यज्ञ के यजमान राजेन्द्र गुप्ता एवं उनकी पत्नी तथा चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने कन्याओं के कलशों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल भर कर तिवारी टोला दुर्गा मंदिर, रामपुर मोड़ वनशक्ति माता मंदिर, सरजू टोला, इमलिया, धरमौली होते हुए धनगड़ा काली मंदिर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंची।कलश यात्रा को सफल बनाने में आयोजन समिति के साथ साथ क्षेत्राधिकारी सदर जयप्रकाश त्रिपाठी एवं परतावल चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, अंकित चौरसिया, चंद्रेश यादव, शुभम् चौबे, कॉस्टेबल राजू यादव, कविंद्र, सर्वेंद्र, लोकेश आदि मय फोर्स मौजूद रहे। आयोजन समिति के संरक्षक तिलकधारी मद्धेशिया एवं अध्यक्ष रविन्द्रनाथ मिश्रा ने बताया कि नगर की समृद्धि एवं लोक कल्याण की भावना से इस महायज्ञ का आयोजन किया गया है। 2 फरवरी से 10 फरवरी तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन दिन में प्रवचन तथा मानस कथा का आयोजन किया जाएगा। वहीं रात्रि में श्रीधाम अयोध्या से आए कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति 10 फरवरी को महाभंडारे एवं साधु-संतों की विदाई के साथ संपन्न होगी। इस अवसर पर इंजीनियर मनीष गुप्ता, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, वाल्मीक सिंह, पूर्व प्रधान जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व प्रधान कृष्ण मुरारी सिंह, नागेश्वर मिश्र, सभासद अजय मद्धेशिया, राकेश गुप्ता, राजनाथ प्रजापति, द्वारिका वर्मा, देवेन्द्र शर्मा, गोविन्द वर्मा, गोल्डन सिंह, कमलेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




