गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विभाग ने किया सम्मानित

सिद्धार्थनगर। बाल दिवस के अवसर पर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, खुनियांव परियोजना द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम नीति आयोग के सहयोग से संचालित रॉकेट लर्निंग संस्था के ईसीसीई एंड एजुकेशन प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ बनाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विकासखंड अधिकारी विजय कुमार सिंह ने की। उन्होंने कार्यकत्रियों द्वारा केंद्रों पर बच्चों के लिए बनाए जा रहे सीखने के अनुकूल वातावरण, खेल आधारित शिक्षण और रचनात्मक गतिविधियों की खुलकर सराहना की। रॉकेट लर्निंग संस्था और आईसीडीएस विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस समारोह में उन कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सम्मानित कार्यकत्रियों में शेषमति, सुधरा देवी, सुमन विश्वकर्मा, रुबिया खातून, उर्मिला देवी, सुनीता देवी, रिशु त्रिपाठी, मानी प्रभा और राजेश्वरी देवी कुल 09 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ शामिल रहीं। ये सभी अपने-अपने केंद्रों पर दैनिक शिक्षण गतिविधियों, गीत, कहानी, खेल एवं सहभागितापूर्ण तरीकों से बच्चों के सामाजिक, संज्ञानात्मक और भाषा कौशल के विकास में निरंतर प्रयासरत हैं। कार्यक्रम मे बाल विकास परियोजना अधिकारी खुनियांव अरशद खान, मुख्य सेविकाएँ सुनीता और सुमन, तथा रॉकेट लर्निंग के जिला समन्वयक राहुल चौरसिया उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने चयनित कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल इनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि अन्य कार्यकत्रियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। रॉकेट लर्निंग संस्था का उद्देश्य नीति आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्रों को डिजिटल व खेल आधारित शिक्षण पद्धतियों से सशक्त बनाना है। संस्था द्वारा नियमित प्रशिक्षण, डेटा मॉनिटरिंग और समुदाय आधारित गतिविधियों के माध्यम से जिले में ईसीसीई की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। संस्था ने बताया कि भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को प्रोत्साहित करने हेतु ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!