स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हबीबुल्लाह के वार्ड में गंदगी का अंबार

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत डुमरियागंज के वार्ड नंबर 12 हबीबुल्लाह नगर जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हबीबुल्लाह के नाम पर बनाया गया है। उक्त वार्ड में बरसात का मौसम वार्ड वासियों के लिए मुसीबत बन कर सामने आ रहा है। वार्ड की नालियां पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, वहीं सड़क की हालत भी बेहद खराब हो गई है। बारिश के दौरान नालियों का पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्डवासियों का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन की उदासीनता के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। नालियों की सफाई न होने से पानी रुक जाता है और जगह-जगह कीचड़ जमा हो जाता है। सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिस वजह से पैदल चलना तो दूर, वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में गलियों में पानी भर जाने से बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना बेहद कठिन हो जाता है। वार्ड वासी जुबेर अहमद, मोहम्मद मोईद, अख्तर अंसारी और जैद अंसारी ने आरोप लगाया कि कई बार नगर पंचायत प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार समस्या बनी रहने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की मरम्मत और सड़कों का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। गंदगी और जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। वार्ड वासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से तुरंत कार्यवाही करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी परेशानियां बरकरार रहेंगी। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इस संबंध में वार्ड के सभासद टीहुल चौरसिया ने बताया कि उक्त समस्या उनके संज्ञान में है। धन आवंटित होने के बाद तत्काल वार्ड में विकास कार्य कराया जाएगा। जबकि इस बारे में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अतीकुर्रहमान ने बताया कि नगर पंचायत में विकास कार्य प्रगति पर है, हबीबुल्लाह नगर वार्ड में भी विकास कार्य जल्द ही शुरू हो जायेगा।




