सब्जी कारोबार करने वाले युवक ने होमगार्ड जवानों पर मारपीट करने का लगाया आरोप

दैनिक बुद्ध का संदेश
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र ढेबरूआ के पुलिस चौकी बढ़नी अन्तर्गत डढ़ऊल गांव निवासी शेषराम यादव उर्फ वीरु ने मंगलवार को दिन में 112 नम्बर डायल कर पुलिस को सूचना दर्ज कराते हुए दो होमगार्डों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर बताया कि वह ठेले पर रखकर सब्जी बेचने का कारोबार करता है। सोमवार की बीती रात करीब एक बजे ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन बढ़नी जा रहा था। अभी वह नगर पंचायत बढ़नी एनएच 730 समय माता स्थान पर पहुंचा ही था कि रात में ड्यूटी कर रहे दो होमगार्ड जवानों ने रोक लिया और बदसलूकी करने लगे, होमगार्ड के जवानों पर अकारण मारपीट, गाली-गलौच श्चोरश् कहकर पीटने और गालियां देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के कथनानुसार जब उन्होंने सब्जी लेने जाने की बात कही, तो होमगार्डों ने उन्हें श्चोरश् कहकर सम्बोधित किया। विरोध करने पर जवानों ने उनके साथ हिंसक मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, उन्हें लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उनके हाथ, कमर और पैर में गम्भीर चोटें आई हैं। पिटाई से मेरा बायां हाथ नहीं उठ रहा है। इतना ही नहीं आरोप है कि होमगार्डों ने उनके परिवार की महिलाओं के लिए अत्यन्त अभद्र भाषा और गालियों का प्रयोग किया। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने और न्याय प्रदान करने की मांग की है। रात के अन्धेरे में राहगीरों के साथ इस तरह के व्यवहार ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिये हैं। उक्त सम्बन्ध में थाना प्रभारी ढेबरुआ का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जायेगी।




