श्रावस्ती के निबिहा गांव में तेंदुए का आतंक, ग्रामीणों में डर का माहौल

श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के निबिहा गांव में गुरुवार की सुबह तेंदुए ने एक गाय पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि आसपास के कई गांवों में भी पिछले दिनों तेंदुए को देखा जा चुका है। जानकारी के मुताबिक, सुबह खेतों के पास चर रही गाय पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भिनगा डिवीजन के डीएफओ धनराज मीणा के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर नंदकिशोर यादव के नेतृत्व में डिप्टी रेंजर रुद्र प्रताप सिंह, विनीत सिंह व अन्य वन कर्मियों ने मौके का निरीक्षण किया और तेंदुए के पगचिह्न सहित कई महत्वपूर्ण सबूत जुटाए। वन विभाग ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाने की तैयारी की जा रही है। टीम ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें, रात में अकेले खेतों की ओर न जाएं और किसी भी प्रकार की गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जाता, तब तक गांवों में दहशत का माहौल बना रहेगा।




