सड़क बन गई लेकिन पुल का निर्माण कार्य आज तक अधूरा

पयागपुर बहराइच। पयागपुर शिवदहा मार्ग पर स्थित तीन पुल का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ, सड़क बन गई 10 किलोमीटर तक लेकिन पुल का निर्माण कार्य आज तक अधूरा ही रहा। इसमें अधिकारियों की उदासीनता देखी जाए या लापरवाही देखी जाए कि पुल बनाने वाले ठेकेदार को आज तक पूर्ण रूप से पुल बनाने के लिए कोई भी निर्देश पूर्ण रूप से नहीं दिए गए जिस कारण से आज तक पुल का निर्माण कार्य अधूरा ही दिखाई पड़ रहा है। सबसे बड़ी विडंबना इस बात की है कि अब गन्ने का सीजन आ गया है और किसानों को मिल के द्वारा लगाए गए कांटो तक पहुंचने के लिए पयागपुर शिवदहा का रास्ता तय करना पड़ेगा लेकिन तीन पुल के पूर्ण रूप से न बनने के कारण गन्ना लेकर जा रहे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी अनुसार पयागपुर शिवदहा रोड पर तिवारी पुरवा के पास बना हुआ अधूरा पुल तथा 300 मीटर आगे डोलिया तालाब के पास में बना हुआ अधूरा पुल एवं शिवदहा गांव से 100 मीटर आगे बना हुआ अधूरा पुल जिसका आज तक निर्माण कार्य पूरा ही नहीं हुआ है। इसी बीच गल्ला लादकर किसान आज जा रहा था बाजार बेचने के लिए ज्यों ही डोलिया तालाब के पास बने पुल के पश्चिम तरफ अस्थाई सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली गल्ला लादकर पहुंची त्योंही सड़क ऊबड़-खाबड़ होने के कारण ट्रॉली पर लोड ज्यादा होने से सड़क के बगल में बनी खाई में ट्रैक्टर ट्रॉली सहित पलट गई लेकिन किसी के हताहत होने की बात सामने नहीं आई है। लेकिन सबसे बड़ी सोचने वाली बात यह है कि जब सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो गया तो आखिर पुल का निर्माण कार्य क्यों नहीं पूरा हुआ और इसी के नाते आने जाने वालों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। खासकर चार पहिया वाहनों ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिल वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है लेकिन ठेकेदार के गैर जिम्मेदार पूर्ण रवैये से आसपास के क्षेत्र के लोग जिनका इस सड़क पर आना-जाना प्रतिदिन लगा रहता है उन्हें परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। लाखों रुपए खर्च हो गए सरकार के लेकिन अभी तक पुल का निर्माण कार्य अधूरा ही दिखाई पड़ रहा है इससे आम जनमानस में भारी आक्रोश व्याप्त है और क्षेत्र वासियों की मांग भी है कि जल्द से जल्द ही पुल का निर्माण कार्य पूरा कराया जाय।




