श्रावस्ती में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर हुआ समारोह, बालिकाओं के सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

श्रावस्ती। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को इकौना क्षेत्र के लिटिल फ्लावर स्कूल, खरगौरा बस्ती में “बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए सशक्त बनाना” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन दिशा किशोरी समूह के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात वक्ताओं ने मंच से बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों को समान अवसर देना आज समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। शिक्षा ही वह कुंजी है, जिससे बेटियाँ अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नाटक, गीत और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिका सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने सराहा। इस अवसर पर दिशा किशोरी समूह की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा किकृ “जब समाज की सोच में बेटियों के प्रति सकारात्मक बदलाव आएगा, तभी वास्तविक सशक्तिकरण संभव होगा।” कार्यक्रम में दिशा सचिव फादर वीनू, प्रधानाचार्य फादर जोनी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर केस कुमार यादव, श्यामता प्रसाद यादव, संजीव कुमार यादव, राजकुमार तथा अनुराधा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




