डेढ़ माह से नये वर्जन में उलझे कर्मचारी, स्पीड पोस्ट भी ठप

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी के डाकघर में पिछले करीब डेढ़ माह से अधिक समय से स्पीड पोस्ट सेवा ठप पड़ी हुई है। वहीं रजिस्ट्री पहले ही बन्द कर दी गई है। मुख्य डाकघर में भी समस्या आई थी, लेकिन अब वहां काम शुरू हो गया है। डाकघर में जब लोग स्पीड पोस्ट कराने पहुंचते हैं, तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जाता। न तो सेवाएं शुरू होने की कोई तारीख बताई जा रही है और न ही समस्या के समाधान की दिशा में कोई कदम उठाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस समस्या से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और सरकारी दस्तावेज भेजने वालों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। स्थानीय निवासी सागर गुप्ता, हिमांशु अग्रहरि, चन्द्रलोक मद्धेशिया, रोहित अग्रहरि, आशीष अग्रहरि, महेश चौधरी ने बताया कि कई बार लोग मजबूर होकर पड़ोसी कस्बों में जाकर अपनी रजिस्ट्री या स्पीड पोस्ट कराते हैं। क्षेत्रीय नागरिकों ने डाक विभाग के उच्चाधिकारियों से अपील की है कि बढ़नी डाकघर की सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करें। पोस्ट मास्टर बढ़नी राजेन्द्र कुमार ने बताया कि नये वर्जन को समझने और अकेले कर्मचारी होने के कारण इस प्रकार की दिक्कतें आ रही हैं। जल्द ही समस्या का समाधान हो जायेगा।




