स्कूल जाने के बाद से तीन बच्चियां लापता

श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती में मासूम बच्चियों के लापता होने का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खैराकला क्षेत्र की तीन बालिकाएं विद्यालय पढ़ने के लिए घर से निकलीं, लेकिन स्कूल जाने के बाद से अब तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने जब देर शाम तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही गिलौला थाना पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक बच्ची के परिजनों ने सोनवा थाने में भी तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने अलग से रिपोर्ट दर्ज की है। तीनों लापता बच्चियां नाबालिग बताई जा रही हैं। पुलिस ने क्षेत्र में डॉग स्क्वॉड व सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया है। साथ ही आसपास के जनपदों में सूचना भेजकर बच्चियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती राहुल भाटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को शीघ्र खोजबीन कर बच्चियों को सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए हैं।




