चोरियों के कारण बाजार में टॉर्चों की बिक्री हुई तेज

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। तहसील शोहरतगढ़ अन्तर्गत चोरियों की घटनाओं के कारण टॉर्च की बिक्री बढ़ी हुई है। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद हराम कर दी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में आये दिन हो रही चोरियों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इसका सीधा असर बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है। बढ़नी, तुलसियापुर, परसा, बाणगंगा, खुनुवां, पल्टादेवी, शोहरतगढ़़, चिल्हियां कन्दवा बाजार स्थित टार्च के दुकानों के मालिक का कहना है कि हाल ही में चोरी की घटनाओं के चलते लोग सजग हो गये हैं और सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं। इसी वजह से टॉर्च की बिक्री अचानक तेज हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश लोग रात को सतर्कता के लिए टॉर्च खरीद रहे हैं, ताकि अन्धेरे में निगरानी रखी जा सकें। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं ने जहां लोगों की चिंता बढ़ाई है, वहीं टॉर्च व सुरक्षा उपकरणों की बिक्री में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को भी सक्रिय होना चाहिए ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकें।




