फंदे से झूलता मिला किशोरी का शव, जाँच में जुटी पुलिस

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी के टोला लालपुर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 16 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सरिता पुत्री श्रीचंद्र (16) के रूप में हुई है। परिवार के लोगों का कहना है कि उनका एक मकान ग्राम पंचायत पकड़ी में भी है, जहां परिवार के अधिकांश सदस्य रहते हैं। रोजाना की तरह बुधवार की सुबह सरिता लालपुर स्थित घर आई थी। खाना बनाने के लिए रसोई में गई थी। इसी बीच गांव के कोटेदार राशन वितरण के लिए अपनी दुकान खोलने 8रू30 बजे तक पहुंचे। उन्होंने देखा कि चौनल के अंदर से ताला बंद है। शक होने पर परदा हटा कर देखा तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। किशोरी सरिता का शव छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। कोटेदार ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग मौके पर दौड़े चले आए। ग्रामीणों ने तत्काल सरिता के परिजनों को सूचना दी। खबर सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बेटी का शव देख कर रो-रोकर बेहाल हो उठे। माँ का रो-रोकर बुरा हाल है और पिता बाहर पैसे कमाने को गया है, परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही शोहरतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल किशोरी की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, वहीं परिजन बेटी के जाने के गम में बेसुध हैं।




