कत्ल के आरोपी फोटू के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। ईंद-ए-मिलादुन्नबी की रात 9 बजे शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र ग्राम पंचायत परिवार के टोला नकथर के बगल स्थित बंजारा डीह में ग्राम पंचायत कोड़रा ग्रान्ट टोला इस्लाम नगर निवासी 25 बर्षीय सोनू उर्फ जहीर पुत्र इदरीश की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्या करने के बाद आरोपित परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए पड़ोसी जिले में कई जगह दबिश दी, किन्तु उसका कहीं पता नहीं चल सका। बेटे की हत्या सुन इदरीश दहाड़ मारकर रोने लगा। वह रविवार को मुम्बई से घर पहुंचा था और शोहरतगढ़ पुलिस को बेटे की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत खरगवार के टोला नकथर के बगल स्थित बंजारा डीह निवासी फोटू पुत्र कसाब के खिलाफ लिखित तहरीर दी। नवागत शोहरतगढ़ थाना प्रभारी सन्तोष कुमार तिवारी ने कहा कि तहरीर के आधार पर फोटू पुत्र कसाब के खिलाफ चाकू से गोदकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। शोहरतगढ़ क्षेत्र में इस बात की चर्चा है कि हत्या आरोपित फोटू को शोहरतगढ़ पुलिस ने शनिवार की रात ही गिरफ्तार कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या से एक सप्ताह पूर्व मृतक की पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया है। वह चार दिन पहले अपने बहन के घर नकथर आया था, मगर उसका भोजन व सोना फोटू के घर होता था। इतनी गहरी दोस्ती होने के बावजूद किन परिस्थितियों में फोटू ने सोनू की हत्या की इसका राज फोटू के अन्दर दफन है। मृतक की बाइक उसके घर के बगल बरामदे में खड़ी है। दो जगह खून गिरने से यह आशंका जताई जा रही है कि मृतक अपने बचाव में हर सम्भव प्रयास किया होगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ पवीन प्रकाश ने कहा कि जल्द ही इसका पर्दाफाश कर दिया जायेगा।



