उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर
लाइन में खड़े किसान कर रहे अपने बारी का इंतजार, एसडीएम ने वितरण का किया निरीक्षण

बर्डपुर/सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र बर्डपुर के सहकारी समिति पर यूरिया वितरण के लिए किसानों की लम्बी कतार लगी थी। सुबह 7 बजे से किसान खाद लेने के लिए लाइन में खड़े थे। गोदाम में मात्र 400 बोरी यूरिया उपलब्ध है, जबकि इससे अधिक किसान खाद की प्रतीक्षा कर रहे हैं। किसानों को 266.50 रुपये में यूरिया दी जा रही है। किसान राजेन्द्र ने बताया कि वे कई दिनों से क्षेत्र की विभिन्न दुकानों पर लाइन लगा रहे हैं। जब उनका नम्बर आता है, तब तक खाद समाप्त हो जाती है। बरसात के बाद धान की फसल में यूरिया की मांग बढ़ गई है। किसानों को अपने रकबे के हिसाब से और अधिक यूरिया की आवश्यकता है। दोपहर बाद सदर उपजिलाधिकारी कल्याण सिंह मौर्य ने वितरण का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और सचिव को नियमानुसार वितरण के निर्देश दियें।



