बहुती से सिसवा बुजुर्ग तक का मार्ग हुआ अति जर्जर

इटवा/सिद्धार्थनगर। इटवा विकास क्षेत्र में बहुती से सिसवा बुजुर्ग तक का मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क से गिट्टियां उखड़ गई हैं। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गये हैं। इस मार्ग पर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया, चौपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल यात्री और स्कूली बच्चों को टूटी सड़कों पर चलना मजबूरी बन गई है। स्थानीय निवासी जगंबहादुर चौधरी, राम दीन, सन्तोष कुमार, शैलेश यादव और अफजल ने बताया कि यह मार्ग बहुती, कडजहवा, गौरा, पकरैला समेत कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क खराब होने से लोगों को लम्बा रास्ता तय करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में कीचड़ की समस्या और बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस मार्ग की मरम्मत न होने से आसपास के सभी गांवों के लोगों को दैनिक यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।




